रुड़की (आयुष गुप्ता)
भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. मधु सिंह ने नारी वंदन योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डाॅ. मधु सिंह ने कहा कि नारी वंदन योजना के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है, जिससे महिलाओं की भागीदारी नीति निर्माण में बढ़ेगी और उनकी आवाज को मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आरक्षण सभी वर्गों की महिलाओं के लिए समान रूप से लागू होगा, जिससे समाज के हर वर्ग की महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व का परिणाम है, जो महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने राज्य में महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है और उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने आगे कहा कि इस योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज तथा देश के विकास में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। यह योजना न केवल महिलाओं को अधिकार देगी, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने का भी अवसर प्रदान करेगी। अंत में डाॅ. मधु सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।

