रुड़की (आयुष गुप्ता)
चिकित्सा शिक्षा नर्सेज संघ द्वारा शनिवार को गर्वनमेंट दून मैडिकल काॅलेज एवं एसोसिएट हाॅस्पिटल में एक महत्वपूर्ण भौतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 12 मई को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर कार्यक्रमों की रुपरेखा तैयार करना तथा नर्सिंग अधिकारियों के बीच समन्वय एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। यह बैठक अस्पताल परिसर स्थित नई ओपीडी बिल्डिंग के चैथे तल, लेक्चर थिएटर-4 (एलटी-4) में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ की अध्यक्षा नीलम अवस्थी द्वारा की गई। जबकि सचिव रवि परमार ने बैठक का संचालन किया। इस अवसर पर संघ के अन्य पदाधिकारी एवं नर्सिंग अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। बैठक के दौरान सभी नर्सिंग अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के उपलक्ष्य में लैंप लाइटिंग सेरेमनी, स्पीच (भाषण), जागरूकता कार्यक्रम, सिंगिंग (गायन) तथा डांसिंग (नृत्य) जैसे विविध कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष नीलम अवस्थी ने सभी प्रतिभागियों के विचारों को गंभीरता से सुनते हुए एक सुव्यवस्थित एवं स्पष्ट रुपरेखा प्रस्तुत की, जिससे बैठक को ठोस दिशा मिली। बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने संगठन की प्रथम बैठक के सफल आयोजन पर हर्ष व्यक्त किया तथा भविष्य में नर्सिंग संवर्ग के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठनात्मक एकता, पारस्परिक सम्मान एवं समन्वय बनाए रखते हुए आगामी योजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने पर बल दिया गया। अंत में सचिव रवि परमार द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

