रुड़की (आयुष गुप्ता)
संत स्पोर्ट्स अकादमी, रुड़की में रविवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोवा में सम्पन्न ‘48वीं आॅल इंडिया नेशनल मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप’ के पदक विजेताओं और शहर के अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों के योगदान को सराहना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय शटलर डाॅ. राजेंद्र पाल ने की, मंच का संचालन अमजद उस्मानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी वरिष्ठ आयु में भी खेल के प्रति ऐसा जुनून युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल है। उन्होंने उपस्थित बाल खिलाड़ियों से जीवन में किसी भी खेल को अपनाने और उसके निरंतर अभ्यास करने का आव्हान किया। कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले राधेश्याम गोयल (स्वर्ण पदक) और बी.बी. गुप्ता (कांस्य पदक) को विशेष रुप से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों पदक विजेताओं को द् अकादमी लीगेसी अवार्ड की ट्राफियां भी प्रदान की। उनके साथ ही उन्होंने रुड़की के अन्य वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाडी एवं अनेक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं डाॅ. राजेंद्र पाल, ओमप्रकाश पाल, डाॅ. मधुराका सक्सेना, दिनेश शर्मा, तेजपाल सिंह, अलका गुप्ता को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर बी.बी. गुप्ता ने कहा कि गोवा में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना और आज अपनी अकादमी में सम्मानित होना एक सुखद अनुभव है। हमारा उद्देश्य युवाओं को यह दिखाना है कि फिटनेस और खेल जीवनभर का साथी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डाॅ. राजेंद्र पाल ने कहा कि वरिष्ठ खिलाड़ियों के अनुभव और उनके योगदान को पहचान देना एक सराहनीय कदम है। संत अकादमी ने हमें एक ऐसा मंच दिया है, जहां उम्र केवल एक संख्या मात्र रह जाती है। कार्यक्रम के अंत में अकादमी के निदेशक देवेन्द्र सिंह वर्मा ने मुख्य अतिथि और सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मनोज अग्रवाल, कृष्ण गोपाल, सुनील चैधरी, अंकुर त्यागी, शैलेंद्र चैहान, अंकुश, वंश सैनी, सुरेंद्र वर्मा, गोविंद यादव, वासु, वीरिका, दृष्टि, मुस्कान, सुभाष एवं अकादमी के कोचिंग ले रहे नन्हें खिलाड़ियों ने अपने वरिष्ठ नायकों का उत्साहवर्द्धन किया।

