कलियर (आयुष गुप्ता)
थाना पिरान कलियर में तैनात अपर उपनिरीक्षक सूरज सिंह नेगी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना 21 मार्च की है, जब वह रमजान और ईद को लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घायल दरोगा के भाई नीरज सिंह नेगी की तहरीर के अनुसार सूरज सिंह नेगी कलियर-रुड़की रोड पर एमएम होटल के सामने सड़क पार कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज गति और लापरवाही से चल रही बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दरोगा को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। वर्तमान में उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी कमर की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस ने दरोगा के भाई की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

