रुड़की (आयुष गुप्ता)
उत्तराखंड परिवहन निगम के चालक व परिचालकों ने पिछले चार माह से वेतन और पांच माह से पीएफ न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। इस संबंध में कर्मचारियों ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को संबोधित एक पत्र लिखकर अपनी आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया है। पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से निगम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन बीते चार महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, बच्चों की फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में स्थिति और भी खराब हो गई है, क्योंकि संबंधित ठेका कंपनी ने भी अपना अनुबंध समाप्त कर दिया है, जिससे वेतन मिलने की उम्मीद भी कम होती जा रही है। उन्होंने मंत्री से मांग की है कि उनकी स्थिति पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द रुका हुआ वेतन और पीएफ का भुगतान कराया जाए, ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके।कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर न्यायसंगत निर्णय करेगी।वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नितिन कुमार,हिमांशु,विकास,मोहित नामदेव, विपिन,रोहित,मनोज,नीरज, साग़र कुमार,सोनू,तेजपाल,सुमित कुमार,विकास, गौरव,अमित कल्याण,शिवम नौटियाल, अंकुश कुमार, धर्मेंद्र,श्रवण सैनी,अमन कुमार अभिषेक पाल आदि मौजूद रहे।
