रुड़की (आयुष गुप्ता)
क्वाड्रा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, रुड़की में शनिवार को ‘लैम्प लाईटिंग एण्ड ओथ टेकिंग सेरेमनी’ का प्रेरणादायक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नर्सिंग छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उन्हें सेवा, समर्पण और मानवता के पथ पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव डाॅ. रकम सिंह द्वारा विधिवत द्वीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में बी.एससी. नर्सिंग, जी.एन.एम. एवं ए.एन.एम. के छात्र-छात्राओं ने उत्साह, अनुशासन एवं पूर्ण समर्पण के साथ सहभागिता की। समारोह का मुख्य आकर्षण शपथ ग्रहण रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी क्लिनिकल पोस्टिंग से पूर्व नर्सिंग के उच्च आदर्शो-सेवा, करुणा, निष्ठा, गोपनीयता एवं पेशेवर नैतिकता कृत्वयता पालन करने की शपथ ली। छात्रों ने संकल्प लिया कि वे प्रत्येक रोगी की सेवा बिना किसी भेदभाव के करेंगे तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डाॅ. रकम सिंह ने कहा कि नर्सिंग केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का माध्यम है। एक नर्स न केवल मरीज के शरीर का उपचार करती है, बल्कि उसके मन को भी संबल प्रदान करती है। उन्होंने छात्रों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग संकाय के समस्त फैकल्टी एवं स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं अनुकरणीय बन सका। अंत में नर्सिंग प्राचार्या डाॅ. के. नलिनी देवी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह विद्यार्थियों के व्यवसायिक जीवन की एक सशक्त शुरुआत है। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया और विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र भविष्य में नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करते हुए संस्थान एवं समाज का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर निदेशक राजीव सिंह, डाॅ. जितेंद्र कुमार, डाॅ एस.पी सिंह, डाॅ. संजय सैनी, ख्याति शर्मा, हेमा, अर्पणा, सरकार, अमारा, प्रज्ञा शर्मा, इशिता शर्मा, प्रिया जाॅन, आँचल, हिमांशी सैनी, भावना, ऋचा, अक्षिका पाॅल, प्रीति गुप्ता, सुनैना उपाध्याय, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।

