रुड़की (आयुष गुप्ता)
अवतार सिंह भड़ाना ने उत्तराखंड की लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है। रुड़की पहुंचने पर उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल द्वारा उन्हें मौका दिया जाता है, तो वह लक्सर सीट से चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल कर जनता की सेवा करेंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद भड़ाना ने कहा कि उनका उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। मां गंगा और संतों की पावन भूमि उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता का उन्हें भरपूर स्नेह और सम्मान मिला है, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक रूप से लोगों की सेवा करते आए हैं और भविष्य में यदि अवसर मिला तो राजनीतिक रूप से भी क्षेत्र की जनता की सेवा करना चाहते हैं। भड़ाना ने अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह हरियाणा और उत्तर प्रदेश की विभिन्न विधानसभा एवं लोकसभा सीटों से चुनाव जीतकर जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता जिस पार्टी से उन्हें चुनाव लड़ने को कहेगी, वह उसी दल से टिकट लेकर मैदान में उतरेंगे। उनका दावा है कि यदि उन्हें मौका मिला, तो वह जीत दर्ज कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। भड़ाना के इस ब्यान के बाद लक्सर सहित आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना यह होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें किस दल से मौका मिलता है और उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होता है।

