रुड़की (आयुष गुप्ता)
नवयुवक ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने 4वीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए, जिसमें 7 स्वर्ण पदक एवं 2 रजत पदक शामिल हैं। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर एकेडमी ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 19 अप्रैल को योगा स्थलीय खेल परिषद द्वारा आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर के 300 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। नवयुवक ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने अपने कौशल, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल कर एकेडमी का नाम गौरवान्वित किया। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में धनंजय, आरुष नेगी, हिमांशु सिंह, नैतिक, वंशिका नेगी, अक्षत सकलानी एवं आरवी जबकि रजत पदक विजेता खिलाडियांे में उत्कर्ष सैनी एवं अर्णव त्यागी शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक की अहम भूमिका मेघा एवं अंकुश कश्यप ने, जिनके निष्पक्ष निर्णयों से प्रतियोगिता सुचारु रुप से सम्पन्न हुई। एकेडमी के सचिव मन्नू सोनकर ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं कोचिंग टीम के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर कोचिंग स्टाफ ने भी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

