मुंबई । बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री संगीता बिजलानी और सलमान खान ने 1986 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था। दोनों का रिश्ता करीब 10 साल तक चला और बात शादी तक भी पहुंच गई थी। लेकिन शादी के कार्ड छपने के बाद संगीता ने सलमान के साथ अपना रिश्ता तोड़ लिया था। उस दौरान ऐसी खबर सामने आई थी कि सलमान खान की अभिनेत्री सोमी अली के साथ नजदीकियां बढ़ रही थीं। जब इस बात की जानकारी संगीता को चली, तो उन्होंने सलमान के साथ अपना रिश्ता तोड़ दिया।
सलमान खान पर लिखी गई किताब ‘बीइंग सलमान’ में इस बात का जिक्र किया गया है कि दोनों की 27 मई 1994 में शादी होने वाली थी। किताब में दावा किया गया था कि संगीता ने एक इंटरव्यू में सलमान खान के साथ अपनी शादी की बात स्वीकार भी की थी। इसके अलावा सलमान खान ने भी करण जौहर के चैट शो कॉफी विद करण में इस बात का जिक्र किया था। सलमान ने कहा था कि उनकी शादी होते होते रह गई थी।
सलमान से रिश्ता टूटने के बाद संगीता बिजलानी ने 1996 में क्रिकेटर मो.अजहरुद्दीन से शादी की। संगीता से शादी करने से पहले मो.अजहरुद्दीन अपनी पहली पत्नी को तलाक दे चुके थे। हालांकि दोनों का रिश्ता 14 साल बाद टूट गया और 2010 में उन्होंने तलाक ले लिया। वहीं, सलमान खान और संगीता बिजलानी आज भी दोस्त हैं और कई बार संगीता को उनके घर देखा भी जाता है। शादी के बाद संगीता ने फिल्मों से दूरी बना ली थी, लेकिन वह कई बार टीवी शो में गेस्ट तौर पर हिस्सा लेती रही हैं।