रुड़की (आयुष गुप्ता)
नगर निगम रुड़की द्वारा जारी किए गए विज्ञापन/मीडिया टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ओम प्रोडक्शंस एंड एडवरटाइजिंग की ओर से नगर आयुक्त को प्रेषित एक लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में यूनीपोल विज्ञापनों का कार्य कर रही कंपनी ने स्टांप शुल्क जमा किए बिना ही मानकों के विपरीत कार्य किया। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित कंपनी को वर्तमान टेंडर प्रक्रिया में शामिल न किया जाए। पत्र में उल्लेख किया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जारी टेंडर के तहत नगर निगम ने विज्ञापन कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित की है। आरोप है कि पिछले कई वर्षों से टेंडर लेने वाली कंपनी ने नियमों का पालन नहीं किया, जिससे निगम को भारी राजस्व हानि हुई। शिकायत के अनुसार, किसी भी कार्य के निष्पादन के लिए टेंडर राशि का 2 प्रतिशत स्टांप शुल्क, अनुबंधनामा तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं का पालन अनिवार्य होता है, लेकिन बीते लगभग सात वर्षों से कार्य कर रही चयनित एजेंसी द्वारा इन नियमों का अनुपालन नहीं किया गया। आरोप यह भी है कि उक्त फर्म को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नियमों की अनदेखी की गई। ओम प्रोडक्शंस एंड एडवरटाइजिंग के प्रतिनिधि अजय तेवतिया ने नगर आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। वहीं, नगर आयुक्त राकेश तिवारी ने कहा कि मामला जांच का विषय है और इसकी जांच कराई जाएगी।

