रुड़की (आयुष गुप्ता)
राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया। शिविर के सप्तम दिवस की शुरुआत एनएसएस के प्रार्थना गीत एवं डॉ. कविता रानी द्वारा कराए गए योग अभ्यास से हुई।
इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने शिविर स्थल हुसैनिया जूनियर हाई स्कूल मरगूबपुर-मुस्तफाबाद परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। समापन समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. रीता सचान द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। स्वयंसेवियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों सानिया, तबस्सुम, आसमीन और सादिया ने मतदाता जागरूकता विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों और भाषणों की प्रस्तुति ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। स्वयंसेवियों ने शिविर के दौरान अपने अनुभव भी साझा किए। एनएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डॉ. रीता सचान ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज सेवा ही सच्ची मानव सेवा है और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छात्र वर्ग में मो. सुहेल तथा छात्रा वर्ग में आसमान एवं पारूल को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक घोषित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार ने किया, जबकि अंत में सह नोडल अधिकारी डॉ. कविता रानी ने सभी अतिथियों और स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
