रुड़की (आयुष गुप्ता)
उत्तराखंड सरकार द्वारा रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर आज मैन बाजार व्यापार मंडल के व्यापारियों ने स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के संयोजक सरदार प्रभजोत सिंह नामधारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाबी समाज के युवा और तीन बार के विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाकर उन्हें परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि बत्रा इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर के व्यापारी उनका परिवार हैं और उनकी समस्याएं अब उनकी अपनी समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी व्यापारी हैं, इसलिए व्यापारियों की परेशानियों को भली-भांति समझते हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने जनता द्वारा मिल रहे अपार स्नेह और समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में सरदार प्रभजोत सिंह नामधारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विभोर सेठी, पार्षद सतवीर सिंह, लखबीर सिंह, आशीष अरोड़ा, अंकित कालरा, मनोज वाधवा, अमन अरोड़ा, मनजीत सिंह, वीरेंद्र, जसपाल सिंह, जसवंत सिंह, गोपाल सोनकर, सोहनलाल सैनी, दीपक अरोड़ा, पवन सहदेव, टीटू, गौरव चैहान, विजय चैहान सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उपस्थित रहकर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का भव्य स्वागत किया।

