रुड़की (आयुष गुप्ता)
स्वामी दर्शनानंद गुरुकुल महाविद्यालय, ज्वालापुर के छात्रों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। संस्थान के दो विद्यार्थियों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इंटरमीडिएट (उत्तर मध्यमा द्वितीय खंड, कक्षा-12) के छात्र अर्जुन कुमार ने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया, वहीं हाईस्कूल (पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड, कक्षा-10) के छात्र प्रिंस कुमार ने भी प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि दर्ज की। इसके अलावा संस्थान के कुल चार छात्रों ने प्रदेश की टाॅप-10 सूची में स्थान बनाकर गुरुकुल की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने इन प्रतिभाशाली छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था के आचार्य स्वामी विरक्त देव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और गुरुकुल की अनुशासित शिक्षा प्रणाली का परिणाम है। वहीं प्रधानाचार्य पंडित हेमंत तिवारी ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। संस्थान में इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल है और सभी शिक्षकों व अभिभावकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।

