मंगलौर (आयुष गुप्ता)
जनपद में अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के अंतर्गत कोतवाली मंगलौर पुलिस को बृहस्पतिवार को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। पुरकाजी बाॅर्डर पर उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम मोहम्मदपुर झाल नहर पटरी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन यूपी-15-जीटी-2487 के चालक ने पुलिस को देखकर घबराकर वाहन को खेतों की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का पीछा किया गया तथा लगभग 100 मीटर की दूरी पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। तलाशी लेने पर वाहन में 04 जिंदा गोवंश (गाय) अत्यंत दयनीय एवं क्रूरतापूर्ण स्थिति में ठूंस-ठूंसकर भरे हुए पाए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उक्त गोवंश को जनपद बागपत (उत्तर प्रदेश) से लाकर अवैध रुप से मंगलौर क्षेत्र में ले जा रहे थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल बेजुबान पशुओं को बचाया गया, बल्कि अंतर्राज्यीय पशु तस्करी नेटवर्क को भी करारा झटका दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में आबिद पुत्र नसीम निवासी ग्राम जोहड़ी थाना बिनोली, जिला बागपत व सोनू शर्मा निवासी उपरोक्त शामिल रहे।
