धनौरी (आयुष गुप्ता)
हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से “पाए जीवन में शिक्षा और पूरी करें हर इच्छा” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, करियर निर्माण और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रवक्ता संजय सैनी ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के साथ कोई भी छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और करियर से संबंधित अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान मुख्य वक्ता द्वारा किया गया। कॉलेज प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने छात्रों से ईमानदारी, समर्पण और परिश्रम के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र कुमार एवं उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने कार्य से संस्थान और समाज का गौरव बढ़ाएं।
प्रबंध समिति के सचिव डॉ. आदित्य सैनी, प्लेसमेंट सेल के प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. मोनिका चौधरी आदि उपस्थित रहे।

