रुड़की (आयुष गुप्ता)
शहर के बीटी गंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया। सूचना पर तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बैंक के एसी में शाॅर्ट सर्किट होने के कारण लगी बताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय बैंक में कर्मचारी और कुछ ग्राहक मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय पर रास्ता साफ नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। वहीं व्यापारियों का कहना है कि बीटी गंज में जो लोहे के पीलर लगाए गए हैं उससे अतिक्रमण को बढ़ावा दिया गया है। वह हटने चाहिए। घटना के बाद बैंक परिसर में कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

