कलियर (आयुष गुप्ता)
गंगनहर में नहाते समय डूबकर लापता हुए युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
साहनपुर नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी 25 वर्षीय इकबाल जो वर्तमान में सलेमपुर दादुपुर बहादराबाद में रह रहा था। शनिवार को अपने जीजा के साथ पिरान कलियर घूमने आया था और दोपहर के समय वह गंगनहर घाट पर नहाने गया। इस दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर वह डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों और साथियों ने उसे किसी तरह बाहर निकाल लिया। लेकिन कुछ देर बाद इकबाल दोबारा नहर में उतर गया और इस बार तेज बहाव में बहकर लापता हो गया था। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार को उसका शव मंगलौर क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद किया गया। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई और पोस्टमार्टम के बाद उनके सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

