रुड़की (आयुष गुप्ता)
रोडवेज बस अड्डे को शहर से बाहर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच गुरुवार को स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने परिवहन मंत्री बत्रा से बस अड्डे को यथास्थान बनाए रखने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि रोडवेज बस अड्डा शहर से बाहर या बाईपास पर स्थानांतरित किया जाता है, तो आसपास के सैकड़ों दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होगा और उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। व्यापारियों ने आशंका जताई कि बस अड्डे की भूमि पर अन्य व्यावसायिक परियोजना, जैसे माॅल निर्माण, की योजना बनाई जा रही है। दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से हरिद्वार-रुड़की को जोड़ने वाला सोलानी पुल निर्माणाधीन है। जिससे क्षेत्र के व्यापार और आवागमन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और व्यापारी पहले से ही समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में बस अड्डे का स्थानांतरण उनकी परेशानियां और बढ़ा देगा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में विरोध दर्ज कराएंगे। वहीं, इस संबंध में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान बस अड्डा अपने स्थान पर ही संचालित होता रहेगा। उन्होंने बताया कि यहां स्थानीय बस अड्डे के रुप में सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जबकि शहर के विस्तार को देखते हुए एक नया अंतर्राज्यीय बस अड्डा शहर के बाहर विकसित किया जा रहा है। फिलहाल बस अड्डे पर मरम्मत और व्यवस्थाओं के सुधार का कार्य चल रहा है।

