रुड़की (आयुष गुप्ता)
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त सतर्कता में बजरी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक वाहन का फ्यूज प्लग निकालकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
मामला मंगलवार देर रात का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान दादूवास की ओर से आती बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। वन विभाग की टीम ने पीछा करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को बीएसएम क्षेत्र के पास नेहरू नगर की एक गली तक घेर लिया। इसी दौरान सामने से आ रही खनन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दोनों ओर से घिरता देख चालक और उसका साथी ट्रैक्टर का फ्यूज प्लग निकालकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। सूचना पर वन क्षेत्र अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर-ट्राली को स्टार्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन फ्यूज प्लग निकाले जाने के कारण वाहन चालू नहीं हो सका। बाद में मैकेनिक को बुलाकर ट्रैक्टर स्टार्ट कराया गया और उसे वन विभाग कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया गया। वन विभाग के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली में बिना अनुमति के बजरी का परिवहन किया जा रहा था। वाहन को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

