कलियर (आयुष गुप्ता)
कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक की जियारत करने आए दो युवकों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। करीब चार दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को मोहसिन (17 वर्ष) निवासी काशीपुर, उत्तर प्रदेश और आसिफ (18 वर्ष) निवासी दिल्ली गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और जल पुलिस ने लापता युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDRF प्रभारी आशीष त्यागी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।SDRF टीम ने कलियर से लेकर मोहम्मदपुर झाल तक लगातार तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान 29 मार्च को मोहसिन का शव आसिफ नगर झाल के पास बरामद किया गया। वहीं 30 मार्च को आसिफ का शव भी आसिफ नगर झाल से बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
