रुड़की (आयुष गुप्ता)
मोंटफोर्ट ग्राउंड के प्रांगण में आॅल इंडिया डिपार्टमेंट सर्विस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूजा गुप्ता (चेयरपर्सन, होटल सचिन इंटरनेशनल), ए.पी. सिंह (नील हिमालय हाॅस्पिटल), मोंटफोर्ट स्कूल के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर आनंद एवं जाॅर्ज एम.ओ. शामिल रहे। सभी अतिथियों की उपस्थिति में विधिवत उद्घाटन किया गया। इवेंट मैनेजर हरेंद्र आर्य ने बताया कि यह टूर्नामेंट 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया गया है। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें पंचायत राज हरिद्वार, यूपीसीएल रुड़की, यूपीसीएल देहरादून, आईआईटी रुड़की, आईएमए डाॅक्टर-11 रुड़की, आरटीसीए मेडिकल रुड़की, आर्मी रुड़की, एजुकेटर 11 रुड़की, स्पोर्ट्स टीचर 11 रुड़की, सीनियर 11 रुड़की, एडवोकेट्स 11 रुड़की एवं आॅटोपार्ट इंडस्ट्री रुड़की प्रमुख है।
पहला मुकाबलाः पंचायत राज की शानदार जीत
उद्घाटन मैच पंचायत राज हरिद्वार और डाॅक्टर-11 रुड़की के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डाॅक्टर 11 की टीम ने 135 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में पंचायत राज की टीम ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। अजय चैहान ने नाबाद 49 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और मैन आॅफ द मैच चुने गए।
दूसरा मुकाबलाः सीनियर 11 ने दमदार प्रदर्शन से सेमीफाइनल में बनाई जगह
दूसरा मैच यूपीसीएल और सीनियर-11 के बीच खेला गया। यूपीसीएल ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 106 रन का लक्ष्य रखा। हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पावर प्ले के 6 ओवर में 23 रन पर 6 विकेट गंवा दिए।
सीनियर-11 के ओपनर गेंदबाज प्रदीप भंडारी ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। जवाब में सीनियर-11 की टीम ने 10.5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाकर मैच जीत लिया। ओपनर रणवीर सिंह ने 39 गेंदों पर ताबड़तोड़ 62 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान प्रदीप भंडारी ने 19 गेंदों पर 30 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ सीनियर 11 की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। इस अवसर पर समिति के सदस्य मनोज शर्मा, सचिन शर्मा, अजय सकलानी, वेज राम, सौरभ, अंकित कुमार, सुमित, जितेंद्र, विवेक मांगलिक, अवतार सिंह, बेदी और अनीत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

