कलियर (आयुष गुप्ता)
एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की नताशा सिंह ने कलियर थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।आज कलियर थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे एसपी देहात एवं सीओ रुड़की ने मालखाना, शस्त्रागार, हवालात और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मालखाने में रखे सामान के उचित रख-रखाव और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने कहा कि थाना स्तर पर सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रहनी चाहिए और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।वहीं सीओ रुड़की नताशा सिंह ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना भी आवश्यक है।इस दौरान थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, एसएसआई सुनील पंत, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान, एसआई विनोद गोला, उपेंद्र सिंह, विशाखा राठौर, एएसआई राम अवतार, हेड कांस्टेबल कुमाल तोमर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

