हरिद्वार (आयुष गुप्ता)
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि मायादेवी मंदिर पार्किंग में 02 लोगों में लडाई हो रही है और एक लड़का दूसरे आदमी के सिर पर पत्थर मार रहा है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो पाया कि एक शख्स लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। टीम घायल व्यक्ति को लेकर तुरंत प्राथमिक उपचार के लिये जिला अस्पताल पहुंची जहाँ चिकित्सक द्वारा मृत्यु की पुष्टि की गई। मृतक के बारे में कोई जानकारी न होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्यवाही करते हुए खुद वादी बन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार द्वारा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश देते हुए पुलिस टीम का गठन किया। फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किये गए। गठित पुलिस टीम ने विभिन्न स्तर से सबूत एवं जानकारी जुटाकर ललतारा पुल के पास से एक संदिग्ध को पकड़ लिया और घटना के संबंध में जानकारी की गई तो संदिग्ध ने बताया कि वह करीब 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। आज साथ शराब पीने के बाद जब दोनों पेड़ के नीचे सो रहे थे तो मृतक ने उस से गलत काम करने की कोशिश की। 3-4 बार मना करने के बाद भी मृतक के न मानने पर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 02 से 03 वार किए और मौके से भाग गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। आरोपी युवक को नियमों के मुताबिक अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार हत्यारोपी
संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर थाना मैनाढेर जिला संभल उत्तर प्रदेश का चालान कर दिया गया है।

