रुड़की (आयुष गुप्ता)
रुड़की में दो अलग-अलग सड़क हादसे होने से हडकंप मच गया। इन हादसों में महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई।
मंगलौर कस्बे के हाईवे पर बाइक सवार दंपत्ति को एक ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में मीरजहां (उम्र 40 वर्ष) नामक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत, जबकि उसका पति तमरेज इस हादसे में बाल-बाल बच गया। बताया गया है कि उसे हल्की चोटें आई हैं। हादसा होने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में लिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेज दिया। बताया गया है कि बाइक सवार दंपत्ति उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के बरला कस्बे का निवासी हैं। रुड़की में किसी रिश्तेदार के यहां आया था। वापस लौटते समय ये हादसा हो गया, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वहीं दूसरी ओर चंद्रपुरी मोहल्ले में एक ट्रैक्टर से टकरा कर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल चंद्रपुरी मोहल्ला स्थित रिक्शा स्टैंड के पास सड़क पर एक तरफ भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली खड़ी हुई थी, जबकि दूसरी ओर से एक अन्य वाहन आ रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की। वह ट्रैक्टर से टकरा गया। ट्रैक्टर की साइड लगने से युवक के सिर पर गंभीर चोटे आई और वह नीचे गिर गया। घटना के बाद युवक सड़क पर तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को अपने कब्जे में लेकर गंगनहर कोतवाली ले जाकर जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया अलग-अलग दो सड़क हादसे हुए हैं। एक हादसे में महिला की मौत हुई है। दूसरे हादसे में एक युवक की जान गई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच पड़ताल कर रही है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

